शुएशा ने लॉन्च किया ‘मांगा मिलियन’: अब हिंदी और अंग्रेज़ी समेत 100 से ज्यादा भाषाओं में पढ़ें लाखों पन्नों का मंगा

अगर आप जापानी मांगा के दीवाने हैं और अब तक भाषा की दीवार आपको रोकती रही है, तो आपके लिए यह खबर किसी ‘पावर-अप’ से कम नहीं है। जापान की दिग्गज प्रकाशन कंपनी शुएशा ने अपनी 100वीं वर्षगांठ के मौके पर ‘मांगा मिलियन’ नाम का एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसकी सबसे खास बात है कि यहां मंगा को दुनिया भर के पाठकों तक कई भाषाओं में पहुंचाने की कोशिश की गई है, जिसमें हिंदी और अंग्रेज़ी भी शामिल हैं।

एक जगह, लाखों पन्नों का मंगा संसार

‘मांगा मिलियन’ का नाम ही इसके इरादे साफ कर देता है। प्लेटफॉर्म पर करीब 10 लाख पन्नों के अनूदित मंगा उपलब्ध कराने की योजना है। इसमें 400 से ज्यादा मांगा सीरीज़ शामिल हैं और सामग्री को 100 से अधिक भाषाओं में उपलब्ध कराया जा रहा है। यानी जापान की मंगा दुनिया को अब पहले से कहीं ज्यादा भाषाई रंगों में पढ़ा जा सकता है।

मांगा प्रेमियों के लिए यह इसलिए भी खास है क्योंकि प्लेटफॉर्म केवल आज के चर्चित नामों तक सीमित नहीं है। इसमें अलग-अलग दौर और शैलियों की कई पुरानी और लोकप्रिय सीरीज़ भी शामिल हैं। फैंटेसी, कॉमेडी, रोमांस, एक्शन और हॉरर—मांगा की दुनिया का काफी बड़ा स्वाद यहां देखने को मिलता है।

हिंदी पाठकों के लिए क्यों है बड़ी खबर?

भारत में एनीमे का क्रेज जिस तेजी से बढ़ा है, उसी के साथ मांगा के लिए भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ रही है। अब तक बड़ी चुनौती यह रही है कि एनीमे हिंदी में देखने को मिल जाए, लेकिन उसके मूल मंगा तक पहुंचना उतना आसान नहीं होता।

‘मांगामिलियन’ का हिंदी भाषा में आना इस स्थिति को बदलने की दिशा में एक अहम कदम माना जा सकता है। खासकर उन भारतीय पाठकों के लिए, जो जापानी मांगा की कहानियां अपनी सहज भाषा में पढ़ना चाहते हैं।

सोचिए—जिस कहानी के किरदारों को आपने एनीमे में देखा, उसी दुनिया की मूल मांगा कहानी को हिंदी में पढ़ने का मौका मिले। एनीमे प्रेमियों के लिए इससे बेहतर ‘बोनस एपिसोड’ भला क्या होगा!

शुएशा की ग्लोबल रणनीति का अगला कदम

शुएशा पहले से ही अपने आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘मांगा प्लस बाय शुएशा’ के जरिए जापानी मांगा को दुनिया भर के पाठकों तक पहुंचा रही है। यह सेवा 2019 में शुरू हुई थी और समय के साथ कई भाषाओं में मांगाउपलब्ध कराने लगी। शुएशा के अनुसार, मांगा प्लस के कुल डाउनलोड 3.1 करोड़ से ज्यादा हैं और जनवरी 2025 के आंकड़ों के मुताबिक इसके औसत मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता लगभग 65 लाख हैं।

मांगा मिलियन’ को इसी वैश्विक विस्तार की एक और बड़ी छलांग के तौर पर देखा जा सकता है। फर्क यह है कि इसका फोकस एक विशाल संग्रह को ज्यादा से ज्यादा भाषाओं में पाठकों के सामने लाने पर है।

कौन-कौन सी सीरीज़ मिलेंगी?

लॉन्च के आसपास सामने आई जानकारी के मुताबिक प्लेटफॉर्म पर कई चर्चित और पुरानी मांगा सीरीज़ शामिल हैं। इनमें बोबोबो-बो बो-बोबो, रिबॉर्न!, कोचिकामे, तोराको स्पिन-ऑफ, गग मंगा बियोरी, फूड वॉर्स! जैसी सीरीज़ के साथ-साथ शोनेन और शोजो श्रेणी की कई रचनाएं भी शामिल हैं।

शोजो मांगा के प्रशंसकों के लिए भी यहां नाना, हनी लेमन सोडा, बॉयज़ ओवर फ्लावर्स, कोडोचा और हिमी-चान्स रिबन जैसे लोकप्रिय नाम आकर्षण का केंद्र हैं।

हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि हर सीरीज़ का हर अध्याय शुरुआत से ही हर भाषा में उपलब्ध हो, ऐसा जरूरी नहीं है। कुछ सामग्री को चरणबद्ध तरीके से जोड़े जाने की बात सामने आई है।

एनीमे से आगे बढ़ेगा भारत का मंगा कनेक्शन?

भारत में एनीमे संस्कृति अब सिर्फ कुछ चुनिंदा प्रशंसकों तक सीमित नहीं रही। नारुतो, वन पीस, डेमन स्लेयर, जुजुत्सु काइसेन और माई हीरो एकेडेमिया जैसे नाम भारतीय युवाओं के बीच खूब लोकप्रिय हैं।

ऐसे माहौल में अगर मंगा आधिकारिक तौर पर हिंदी में आसानी से उपलब्ध होता है, तो यह भारत के बढ़ते एनीमे-मांगा बाजार के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। खासकर नई पीढ़ी के पाठकों के लिए, जो मोबाइल पर पढ़ने और अपनी पसंदीदा भाषा में कंटेंट देखने के आदी हैं।

और यही शायद मांगा मिलियन’ की सबसे बड़ी ताकत है—मांगा को सिर्फ जापानी संस्कृति का हिस्सा नहीं, बल्कि वैश्विक कहानी कहने के माध्यम के रूप में पेश करना।

एक लाख नहीं, पूरे दस लाख पन्नों की कहानी!

मांगा की दुनिया में जहां हर कहानी अपने साथ एक नया संसार लेकर आती है, वहां 10 लाख पन्नों का आंकड़ा सुनना ही रोमांच पैदा कर देता है। शुएशा का यह प्रोजेक्ट मांगा को ज्यादा भाषाओं और ज्यादा पाठकों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा प्रयोग है।

भारत के हिंदी पाठकों के लिए इसका मतलब साफ है—अब मांगा की दुनिया में प्रवेश करने के लिए जापानी भाषासीखना या सिर्फ अंग्रेज़ी पर निर्भर रहना जरूरी नहीं होगा।

तो तैयार हो जाइए। मांगा की दुनिया अब हिंदी में भी दस्तक दे रही है—और इस बार दरवाजा थोड़ा नहीं, पूरा का पूरा ‘मांगा मिलियन’ खुला है!