डेमन स्लेयर ने भारत में मचाया बॉक्स ऑफिस पर धमाल

जापानी एनीमे फ़िल्म ‘डेमन स्लेयर : इन्फ़िनिटी कैसल’ ने भारत के मनोरंजन जगत में मानो भूचाल ला दिया है। रिलीज़ के शुरुआती ही दिनों में इस फ़िल्म ने ऐसे-ऐसे कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिनकी कल्पना तक किसी ने नहीं की थी।

दर्शकों की भारी भीड़, सिनेमाघरों के बाहर लगी लंबी कतारें और सोशल मीडिया पर छाए जबर्दस्त चर्चे – ये सभी इस बात का प्रमाण हैं कि ‘डेमन स्लेयर : इन्फ़िनिटी कैसल’ ने भारतीय दर्शकों के दिलों पर अपनी गहरी छाप छोड़ दी है। रिकॉर्ड तोड़ कमाई, नए दर्शक वर्ग तक पहुँचना और एनीमे फ़िल्मों के प्रति बढ़ती रुचि—इन सबने इस फ़िल्म को एक ऐतिहासिक मुकाम दिलाया है।

फ़िल्म समीक्षक भी इसे भारतीय मनोरंजन परिदृश्य में एक बड़े बदलाव के रूप में देख रहे हैं। कहना न होगा कि इस जापानी एनीमे ने न केवल बॉक्स ऑफ़िस पर बल्कि दर्शकों के दिलों में भी एक अनोखा स्थान बना लिया है।

रिलीज़ और शुरुआत

जापानी एनीमे फ़िल्म डेमन स्लेयर : इन्फिनिटी कैसल भारत में 12 सितम्बर 2025 को बड़े धूमधाम से प्रदर्शित हुई। यह फ़िल्म अपने मूल जापानी रूप में उपशीर्षकों सहित तथा हिन्दी और अंग्रेज़ी – दोनों रूपांतरित संस्करणों में भी सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई, जिससे दर्शकों को अपनी पसंद की भाषा में इसे देखने का अवसर मिला।

बॉक्स ऑफिस की कमाई

फ़िल्म डेमन स्लेयर : इन्फिनिटी कैसल ने रिलीज़ के पहले ही दिन लगभग 12.6 करोड़ रुपये (नेट) की शानदार कमाई की। ओपनिंग वीकेंड यानी पहले तीन दिनों में इस फ़िल्म ने 41 करोड़ रुपये (नेट) का आँकड़ा पार कर लिया। सोमवार को चौथे दिन इसकी कमाई 3.50 करोड़ रुपये रही। कुल पाँच दिनों में यह आँकड़ा पहुँच गया 47.70 करोड़ रुपये (नेट) पर — और इसी के साथ यह बन गई भारत में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली गैर-हॉलीवुड विदेशी फ़िल्म।

रिकॉर्ड्स और तुलना

डेमन स्लेयर ने जुजुत्सु काइसेन 0 और सुज़ुमे जैसी लोकप्रिय एनीमे फ़िल्मों की कुल लाइफ़टाइम कमाई को कुछ ही दिनों में पीछे छोड़ दिया। अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली एनीमेशन फ़िल्म बन चुकी है।

बॉलीवुड की कई बड़ी फ़िल्मों को भी पछाड़ दिया है — बाग़ी 4 की ओपनिंग वीकेंड कमाई को भी पीछे छोड़ दिया।

मनोरंजन की दुनिया में इस वक़्त बस एक ही नाम गूंज रहा है — डेमन स्लेयर!

अंतरराष्ट्रीय सफलता

इसने स्पिरिटेड अवे को पीछे छोड़ते हुए जापान की दूसरी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फ़िल्म का दर्ज़ा हासिल कर लिया है।

अमेरिका में अपने ओपनिंग वीकेंड में इसने लगभग 70 मिलियन डॉलर की कमाई की — जो किसी भी एनीमे फ़िल्म के लिए नया रिकॉर्ड है।

वैश्विक स्तर पर इसकी कुल कमाई अब तक 353 मिलियन डॉलर पहुँच चुकी है और यह लगातार बढ़ रही है।

मनोरंजन की दुनिया में इस वक़्त सिर्फ़ एक ही नाम छाया हुआ है — इन्फ़िनिटी कैसल!

भारत में एनीमे की बढ़ती लोकप्रियता

इस सफलता से यह संकेत मिलता है कि — भारत में एनीमे और जापानी संस्कृति के प्रति उत्साह तेज़ी से बढ़ रहा है।

दर्शकों को अब केवल बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि विदेशी एनीमेशन भी आकर्षित कर रहा है।

आने वाले समय में अन्य एनीमे फ़िल्मों के लिए भी उम्मीदें बढ़ेंगी।

डेमन स्लेयर : इन्फ़िनिटी कैसल न केवल एनीमे प्रेमियों के लिए बल्कि आम दर्शकों के लिए भी एक ऐतिहासिक फ़िल्म सिद्ध हो रही है। भारत में विदेशी फ़िल्मों के लिए नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे मनोरंजन जगत में नई दिशा दिखाई दे रही है। आने वाले हफ़्तों में यह देखना रोचक होगा कि यह फ़िल्म किस नई ऊँचाई तक पहुँचती है और दर्शकों के बीच अपनी लोकप्रियता को किस तरह और मज़बूत करती है। विविध भारती पर आप सुन रहे हैं — सिनेमा की दुनिया से ताज़ा और भरोसेमंद समाचार।